भाग्य निर्माता....

 भाग्य निर्माता....



मनुष्य अपने भाग्य का निर्माता स्वयं होता है| मनुष्य जब जन्म लेता है उस समय उसका कोई भविष्य नहीं होता है| लेकिन जैसे जैसे वह अपने जीवन के अगले पड़ाव की ओर अग्रसर होता है तो वह उस जीवन का निर्माता बन जाता है| उसके एक हाथ मे छैनी और दूसरे हाथ मे हथौड़ा आ जाता है| फिर वह अपने आप को जिस मुर्ति का रूप देना चाहता है वह उसमें ढलने लगता है| हम अपने भाग्य के निर्माता स्वयं है, जैसा हम सोचते है वैसा ही हमारा व्यवहार होता है| अतः हमारा भविष्य शर्तिया हमारे हाथ मे है|
आत्मनिर्भरता, आत्म स्वावलम्बन, आत्मविश्वास, आत्मचिंतन, एवं आत्म निर्माण| ये पांच ऐसे तथ्य है जिसे स्वीकार किए बिना आप सफल नहीं हो सकते| पराधीन को इस लोक में तो क्या परलोक में भी कोई सुख नहीं मिलता है| एक कहावत है "पराधीन सपनेहुँ सुख नाही|" इसलिए दोस्तों आत्मनिर्भर होना बहुत जरुरी है| वह चाहे स्त्री हो या पुरुष|
मनुष्य परमात्मा का सर्वप्रिय पुत्र है| ईश्वर ने मनुष्य को बेबस, अयोग्य, पराधीन और दीन दुर्बल बनाकर नहीं भेजा है, शर्त यह है कि वह अपने आप को समझे और अपने सामर्थ्य को मूर्त रूप देने के लिए साहस एकत्रित करे| बस एक साहस भरे कदम उठाने की उठाने की जरूरत है| अपने लिए भली बुरी स्थिति चुनने का और उसे उपलब्ध करने का एकमात्र अधिकार मनुष्य में है| अपने ऊपर विश्वास करना अपनी योग्यता पर विश्वास करना एक दिव्य गुण है| दुसरो पर निर्भर रहने से मनोबल घटना है और इच्छाओं की पूर्ति में बाधाएं उत्पन्न होती हैं| शक्तिहीन मनुष्य अपना एवं दूसरों का भला नही कर सकते, यहाँ तक की वो अपना जीवन निर्वाह भी अच्छें तरह से नहीं कर सकते|
कमजोरी एक ऐसा आकर्षण है कि उससे अनुचित लाभ उठाने की इच्छा हर किसी की होती है| कमजोर भेड़ बकरियों को मनुष्य तथा जानवर अपना आहार बना लेते हैं परंतु भेड़िये का मांस कोई पसंद नहीं करता है| रोग भी पहले कमजोर व्यक्ति को ही निशाना बनाता है| कमजोर का अनुचित लाभ उठाना, उसे कुचलना, सताना हर कोई चाहता है|
अगर कमजोरी का अंत हो जाए तो अत्याचार और अन्याय का भी अंत निश्चित है, एक कहावत है "शक्ति के प्रयोग के लिए शक्ति का प्रदर्शन आवश्यक है|" शक्तिवान बनिए निर्बल नहीं क्योंकि पूजा शक्ति की होती है| हमें शक्तिवान इसलिए नही बनना कि हम निर्बल को दबा सके बल्कि इसलिए बनना है कि लोग हमें न दबा सके| सफलता एक ऐसा मजबूत किला है जिसमें मनुष्य सुरक्षित रहता है|